सम्भल में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में गोली लगने से घायल हुआ युवक।
उत्तर प्रदेश के सम्भल में प्रधानी के चुनाव की रंजिश में दो गुटों में टकराव हो गया। फायरिंग में एक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है। महिला सीट पर जीत हासिल करने वाली सदस्य के समर्थकों से हारी हुई सदस्य के समर्थक भिड़ गए। एक गुट ने फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने आए गांव के युवक को गोली लग गई।
जिले के बहजोई थाना इलाके के गांव सिसौना में यह घटना हुई है। यहां ग्राम प्रधान के चुनाव में जीती हुई सदस्य पुष्पा देवी और हारी हुई सदस्य अनीता के समर्थकों के बीच शनिवार की रात मारपीट हुई है। दरअसल, दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था लेकिन वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करवा दिया था। शनिवार की रात पुष्पा देवी के समर्थक अनीता के घर पहुंच गए और वहां पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई।
बीच-बचाव करने में गई युवक की जान
गांव के कुछ लोग बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। जिसमें नवरत्न सिंह नाम के युवक को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अनीता के पक्ष के दो सदस्य भी गोली लगने से घायल हुए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। तो वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रधान पति समेत तीन गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि गांव में विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। गोली लगने से एक युवक नवरत्न सिंह की मौत हुई है। दो अन्य लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हत्या के मामले में पुलिस ने प्रधान पुष्पा देवी के पति श्रीकेश के अलावा श्रीपाल और लोवेन्द्र को गिरफ्तार किया है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। इनके पास से हथियार भी बरामद किए गए है।
खबरें और भी हैं…